भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद अयोध्या मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा हटाए गए, डीजी हेल्थ कार्यालय से अटैच
अयोध्या मेडिकल कॉलेज में भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद प्रभारी प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा को हटाकर डीजी हेल्थ यूपी कार्यालय से अटैच किया गया है। जांच जारी है।
लखनऊ/अयोध्या,अचल वार्ता। अयोध्या स्थित राजर्षि दशरथ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं की शिकायतों के बाद शासन ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा को उनके पद से हटाते हुए महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण (डीजीएमई), लखनऊ कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा अमित घोष के स्तर से जारी आदेश में कहा गया है कि डॉ. सत्यजीत वर्मा के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की जांच प्रचलित है। अंतिम निर्णय आने तक उन्हें कॉलेज से हटाकर डीजी हेल्थ कार्यालय लखनऊ से अटैच किया गया है।
मुख्यमंत्री तक पहुंचा मामला
जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के छह विभागाध्यक्षों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर प्राचार्य के विरुद्ध भ्रष्टाचार से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जानकारी दी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया।
जांच समिति ने कॉलेज पहुंचकर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए तथा अपनी रिपोर्ट शासन को सौंप दी है।
इन आरोपों की हो रही जांच
शिकायतों में प्रमुख रूप से—
- खरीद-फरोख्त में अनियमितता
- सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग
- मशीनों को निष्क्रिय कर निजी व्यवस्था को बढ़ावा
- एक ही अधिकारी/शिक्षक को कई अहम जिम्मेदारियां सौंपना
जैसे गंभीर आरोप शामिल बताए गए हैं। इसके अतिरिक्त लोकायुक्त स्तर पर भी प्रकरण की जांच के निर्देश दिए जाने की सूचना है।
नए प्रभारी प्राचार्य की नियुक्ति
कॉलेज के शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों को सुचारु रखने के लिए शासन ने राजकीय मेडिकल कॉलेज कन्नौज में तैनात कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश सिंह मार्तोलिया को राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज, अयोध्या का प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह दायित्व अतिरिक्त होगा और इसके लिए उन्हें किसी प्रकार का अतिरिक्त वेतन या भत्ता देय नहीं होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0