बांग्लादेश में आम चुनाव शुरू, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
ढाका। बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए गुरुवार सुबह मतदान शुरू हो गया। देश भर में 300 में से 299 संसदीय सीट पर मतदान सुबह 7:30 बजे (स्थानीय समयानुसार) शुरू हुआ और शाम 4:30 बजे तक जारी रहेगा। मतदान खत्म होने के तुरंत बाद मतों की गिनती शुरू होने की संभावना है। चुनाव को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
एक सरकारी समाचार एजेंसी ने चुनाव आयुक्त अब्दुर आर मछुद के हवाले से बताया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब नौ लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने राजधानी के प्रमुख इलाकों में बख्तरबंद वाहन (एपीसी) और त्वरित कार्यबल (आरएटी) तैनात किए हैं। पुलिस के अनुसार, ढाका के 2,131 मतदान केंद्रों में से 1,614 को संवेदनशील बताया गया है। हालांकि सेना ने ढाका शहर में दो मतदान केंद्रों को 'जोखिमपूर्ण' बताया है। पहली बार चुनाव में सुरक्षा के लिए ड्रोन और 'बॉडी-वॉर्न कैमरों' (कपड़ों पर लग सकने वाले कैमरे) का उपयोग किया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, करीब 12.7 करोड़ मतदाताओं में से 3.58 प्रतिशत मतदाता पहली बार मतदान करने वाले हैं। पहली बार करीब आठ लाख पंजीकृत प्रवासी बांग्लादेशी आईटी आधारित डाक मतपत्र प्रणाली के माध्यम से मतदान कर सकेंगे। बांग्लादेश में एक जटिल 84 सूत्री सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह के साथ-साथ आम चुनाव हो रहे हैं। मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी और उसके पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच है। मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने शेख हसीना की अवामी लीग को पिछले साल भंग कर दिया था और पार्टी के चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी थी।
मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान करने की अपील
मतदान की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम संबोधन में मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिरुद्दीन ने मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और मतदाताओं से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 45 देशों और संगठनों के प्रतिनिधि चुनावों पर नजर रख रहे हैं, जिनमें चुनाव प्रबंधन निकाय और अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं शामिल हैं।
50 राजनीतिक दलों के 1755 व 273 निर्दलीय मैदान में
निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और लगभग 10 लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की है। कुल 50 राजनीतिक दलों के 1,755 उम्मीदवार और 273 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। बीएनपी ने सबसे अधिक 291 उम्मीदवार उतारे हैं। चुनाव में 83 महिला उम्मीदवार हैं। यूनुस ने कहा है कि वह शीघ्र ही सत्ता निर्वाचित सरकार को सौंप देंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0