अम्बेडकर नगर: सऊदी-कतर का ‘गोल्डन वीजा’ सपना दिखाकर 89 हजार की ठगी

अंबेडकरनगर में सऊदी-कतर का ‘गोल्डन वीजा’ दिलाने का झांसा देकर युवक से 89 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Feb 9, 2026 - 18:17
 0  0
अम्बेडकर नगर: सऊदी-कतर का ‘गोल्डन वीजा’ सपना दिखाकर 89 हजार की ठगी
सांकेतिक फोटो

विदेशी नौकरी के नाम पर ठग गिरोह का खुलासा, आरोपी पर मुकदमा दर्ज

अंबेडकरनगर , अचल वार्ता। जनपद अंबेडकरनगर के अलीगंज क्षेत्र में विदेशी नौकरी और वीजा दिलाने के नाम पर चल रहे संगठित ठगी गिरोह का एक और मामला सामने आया है। सऊदी अरब और कतर में नौकरी का सपना दिखाकर एक युवक से 89 हजार रुपये की ठगी किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

‘गारंटीड वीजा’ का झांसा देकर ऐंठे 89 हजार

मिली जानकारी के अनुसार अयोध्या जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत उनियार गांव निवासी सदरे आलम की मुलाकात अगस्त 2025 में अलीगंज के काजीपुरा निवासी अशरफ से हुई थी। अशरफ ने खुद को विदेशी वीजा एजेंट बताते हुए सऊदी अरब और कतर में गारंटीड वर्क वीजा और नौकरी दिलाने का दावा किया।

आरोपी की बातों में आकर सदरे आलम ने ऑनलाइन माध्यम से 89 हजार रुपये अशरफ के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद वीजा प्रक्रिया के नाम पर आरोपी टालमटोल करता रहा और कोई ठोस जानकारी नहीं दी।

पुलिस अधीक्षक के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़ित ने पहले स्थानीय थाने में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर पुलिस अधीक्षक अंबेडकरनगर से न्याय की गुहार लगाई। एसपी के निर्देश पर थाना अलीगंज में आरोपी अशरफ के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी बड़े ठगी गिरोह का हिस्सा तो नहीं है, जो गल्फ देशों के वीजा के नाम पर लोगों को ठग रहा है।

सोशल मीडिया के जरिए फैलाया जाता है ठगी का जाल

पुलिस सूत्रों के अनुसार ऐसे ठग गिरोह सोशल मीडिया, व्हाट्सएप और लोकल एजेंटों के माध्यम से बेरोजगार युवकों को निशाना बनाते हैं। फर्जी जॉब लेटर, नकली ई-वीजा अप्रूवल और प्रोफेशनल दिखने वाली वेबसाइट्स के जरिए लोगों से लाखों रुपये ऐंठे जाते हैं।

हाल के महीनों में सऊदी, कतर, कुवैत जैसे देशों के फेक वीजा और नौकरी स्कैम के कई मामले सामने आ चुके हैं।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि विदेशी नौकरी या वीजा के लिए किसी भी एजेंट को पैसा देने से पहले संबंधित सरकारी वेबसाइट या दूतावास से पूरी जानकारी की पुष्टि जरूर करें।

 ‘गारंटीड वीजा’ या तुरंत नौकरी का वादा अक्सर ठगी का जाल साबित होता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0