बारावफात पर उमड़ा अकीदत का सैलाब, जोशोखरोश से निकला जुलूस
हरदोई। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश और वफात की याद में मनाए जाने वाले बारावफात के मौके पर जिलेभर में अकीदत और एहतराम का माहौल रहा। पिहानी, पाली, गोपामऊ और शाहाबाद समेत कई कस्बों में जुलूस-ए-बारावफात पूरे जोशोखरोश के साथ निकाले गए। बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की। हाथों में परचम और मजहबी पैगाम लिखी तख्तियां लिए लोग नात-ए-पाक पढ़ते हुए आगे बढ़ते रहे।
शाहाबाद में उमड़ा अकीदत का सैलाब
शाहाबाद में बारावफात के मौके पर अकीदतमंदों का सैलाब उमड़ पड़ा। विभिन्न मोहल्लों से बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल हुए। बुजुर्गों के साथ नौजवान और बच्चे भी परचम लेकर शरीक हुए। नातख्वानी और मजहबी नारों से वातावरण गूंजता रहा। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का इस्तकबाल किया और पानी व जलपान की व्यवस्था की। जुलूस के माध्यम से अमन और भाईचारे का पैगाम दिया गया।
पाली में जामा मस्जिद से निकला जुलूस
पाली कस्बे में जुलूस मोहल्ला शेख सराय स्थित जामा मस्जिद से शुरू हुआ। चेयरमैन रिजवान खां ने झंडी दिखाकर जुलूस को रवाना किया। जुलूस सुंदर चौराहा, इमाम चौक, इस्लामिया स्कूल, बाजार और थाना चौराहा होते हुए आबिद नगर व काजी सराय उत्तरी से गुजरा। इसके बाद जुलूस वापस जामा मस्जिद पहुंचा, जहां दुआ के साथ समापन हुआ। इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साह के साथ भाग लिया।
पिहानी और गोपामऊ में भी दिखा उत्साह
पिहानी और गोपामऊ में भी बारावफात के जुलूस निकाले गए। बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हिस्सा लिया। नात-ए-पाक और मजहबी नारों से रास्ते गूंजते रहे। निर्धारित मार्गों से जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से निकाले गए।
छह घंटे बंद रही बिजली आपूर्ति
जुलूसों के दौरान विद्युत तारों और खंभों से किसी तरह की अनहोनी रोकने के लिए बिजली विभाग ने विशेष सतर्कता बरती। पाली और शाहाबाद पावर हाउस से जुड़े क्षेत्रों में करीब छह घंटे बिजली आपूर्ति बंद रखी गई। जुलूस मार्गों पर विभागीय कर्मचारी भी मुस्तैद रहे। इससे करंट से होने वाली दुर्घटना की आशंका को टाला जा सका।
चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस की निगरानी
जुलूसों को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी जुलूस के साथ चलते हुए लगातार निगरानी करते रहे। अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।
अमन और भाईचारे का दिया पैगाम
जिले के विभिन्न कस्बों में निकले जुलूसों में अकीदत के साथ अमन, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश भी नजर आया। प्रशासन की सतर्कता, पुलिस की मुस्तैदी और आयोजकों के सहयोग से सभी जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0