गन्नौर / सोनीपत । नगरपालिका गन्नौर के उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को नगरपालिका सभागार में चुनाव प्रक्रिया प्राधिकृत अधिकारी-कम-एसडीएम प्रवेश कादियान की अध्यक्षता में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। चुनाव प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों एवं हिदायतों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया गया। पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी व अन्य सभी दिशा निर्देशों का पालन किया गया।
एसडीएम प्रवेश कादियान ने बताया कि नगरपालिका गन्नौर के उपाध्यक्ष पद के लिए नरेश कुमार और शमशेर ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन पत्रों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की गई, जिसमें दोनों प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाए गए। इसके बाद नियमों के अनुसार मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाई गई।
उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया में नगरपालिका अध्यक्ष सहित कुल 17 वार्ड पार्षदों, अर्थात कुल 18 सदस्यों ने मतदान किया। मतदान के दौरान नरेश कुमार को 10 मत तथा शमशेर को 8 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार नरेश कुमार ने 2 मतों के अंतर से जीत हासिल की। मतगणना के उपरांत उन्हें नगरपालिका गन्नौर के उपाध्यक्ष पद के लिए विजयी घोषित किया गया।
उपाध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान नगरपालिका के निर्वाचित प्रतिनिधियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष नरेश कुमार को उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर तहसीलदार ललिता, नगरपालिका अध्यक्ष अरुण त्यागी, सभी वार्ड पार्षद, नगरपालिका सचिव प्रदीप कुमार, चुनाव कानूनगो पूजा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।