अम्बेडकर नगर: कजपुरा में एलईडी स्ट्रीट लाइट घोटाले की डीएम से उच्चस्तरीय जांच व एफआईआर की मांग
शासनादेश की अनदेखी, बिना ऑटो-टाइमर लाइटें दिनभर जलने का आरोप; अभिलेखों में वित्तीय गड़बड़ी की शिकायत
अंबेडकर नगर। विकास खंड जलालपुर की ग्राम पंचायत कजपुरा में वर्ष 2023-24 में कराए गए एलईडी स्ट्रीट लाइट स्थापना कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितता और वित्तीय घोटाले की आशंका जताई गई है। गांव निवासी सत्यम श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शासनादेश दिनांक 24 अगस्त 2021 की स्पष्ट गाइडलाइन को दरकिनार करते हुए कार्य कराया गया। कई स्थानों पर ऑटो-टाइमर नहीं लगाए गए, जिसके चलते स्ट्रीट लाइटें दिन में भी जलती रहती हैं और सरकारी धन से होने वाले विद्युत व्यय में अनावश्यक वृद्धि हो रही है। इसे सरकारी संसाधनों की खुली बर्बादी बताया गया है।
प्रार्थनापत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि एलईडी स्ट्रीट लाइट के नाम पर विद्युत कनेक्शन/कन्वर्जन का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। साथ ही मानक के अनुरूप दूरी पर लाइटें नहीं लगाई गईं और प्रयुक्त सामग्री व ब्रांड की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। एमबी, बिल, वाउचर एवं भुगतान से संबंधित अभिलेखों में प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई गई है।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि जांच अवधि में संबंधित ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव एवं तकनीकी सहायक के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकारों पर रोक लगाई जाए। दोष सिद्ध होने पर सरकारी धन की रिकवरी करते हुए विधिक कार्रवाई और एफआईआर दर्ज की जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0