बाइक से गिरकर महिला की दर्दनाक मौत
लखीमपुर खीरी के कुकरा क्षेत्र में दवा लेने जा रही 30 वर्षीय महिला आलिया बानो की मोटरसाइकिल से गिरकर मौत हो गई। पीछे छूट गए दो छोटे बच्चे और शोक में डूबा परिवार।
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। कुकरा खीरी थाना मैलानी पुलिस चौकी कुकरा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रोशन नगर माफी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पेट दर्द की दवा लेने कुकरा जा रही एक विवाहिता अचानक चलती मोटरसाइकिल से गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रोशन नगर माफी निवासी आलिया बानो पत्नी अकील (उम्र लगभग 30 वर्ष) अपने गांव के एक पड़ोसी युवक के साथ मोटरसाइकिल से कुकरा दवा लेने जा रही थीं।
बताया जाता है कि पुखराज मोड़ से कुछ दूरी आगे लौकिया गांव के पास अचानक उन्हें चक्कर आ गया और वह बाइक से पीछे की ओर सड़क पर गिर पड़ीं। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वह मौके पर ही बेहोश हो गईं। घटना देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
लौकिया गांव निवासी शिवकुमार फौजी मानवता का परिचय देते हुए अपनी फोर व्हीलर गाड़ी से घायल महिला को तत्काल कुकरा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक बताते हुए उन्हें गोला रेफर कर दिया। परिजन जब तक उन्हें गोला सीएचसी लेकर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद आलिया बानो को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि आलिया बानो का विवाह लगभग 10 वर्ष पूर्व हुआ था। उनके दो छोटे पुत्र हैं, जिनमें एक की उम्र लगभग 8 वर्ष तथा दूसरे की उम्र करीब 5 वर्ष है। मां की असमय मौत से दोनों मासूमों के सिर से ममता का साया उठ गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और मोटरसाइकिल पर सावधानी बरतने की अहमियत को उजागर करता है। एक छोटी सी असावधानी ने हंसते-खेलते परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0