अयोध्या : मसौधा कृषि विज्ञान केंद्र में दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण सम्पन्न, औद्यानिक फसलों के निर्यात पर दी गई जानकारी

Mar 15, 2026 - 20:54
Mar 29, 2026 - 08:56
 0  8
अयोध्या : मसौधा कृषि विज्ञान केंद्र में दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण सम्पन्न, औद्यानिक फसलों के निर्यात पर दी गई जानकारी

अयोध्या, अचल वार्ता। प्रदेश में औद्यानिक फसलों के निर्यात को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से उद्यान विभाग की ओर से दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण 14 और 15 मार्च 2026 को कृषि विज्ञान केंद्र मसौधा में आयोजित किया गया, जिसमें जनपद के अनेक कृषकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अधीक्षक राजकीय उद्यान अयोध्या अरुण कुमार तिवारी ने बताया कि यह प्रशिक्षण उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिक निर्यात प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण में किसानों को औद्यानिक फसलों के विपणन और निर्यात की संभावनाओं के साथ-साथ उससे होने वाले आर्थिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को विभिन्न निर्यात योग्य फसलों की प्रजातियों और उनकी उन्नत खेती तकनीकों के बारे में बताया। डा. प्रवीण कुमार मौर्या और डा. पंकज कुमार सिंह ने किसानों को आधुनिक उत्पादन तकनीकों की जानकारी दी, जबकि डा. अमन ने फसलों में रोग एवं कीट नियंत्रण तथा उनके प्रबंधन के बारे में विस्तार से समझाया।

कार्यक्रम के दूसरे दिन आयोजित कार्यशाला में किसानों को निर्यात और विपणन से जुड़ी चुनौतियों और समाधान के बारे में बताया गया। इस अवसर पर एपीडा (APEDA) के वैज्ञानिक डा. आलोक मिश्रा ने किसानों को कृषि उत्पादों के निर्यात के लिए आवश्यक पंजीकरण प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताओं की जानकारी दी। साथ ही किसानों से फीडबैक भी प्राप्त किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर अधीक्षक राजकीय उद्यान अरुण कुमार तिवारी ने उपस्थित किसानों और वैज्ञानिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्यात मानकों के अनुरूप फसल उत्पादन करें, जिससे भविष्य में औद्यानिक फसलों के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0