हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही सरकार: रेखा आर्य

सोमेश्वर में आयोजित शिविर में मंत्री रेखा आर्य ने शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए, लोगों को योजनाओं से जोड़ने पर दिया जोर।

Apr 18, 2026 - 16:25
Apr 18, 2026 - 17:51
 0  3

अल्मोड़ा , अचल वार्ता। सोमेश्वर के प्रसिद्ध रामलीला मैदान में आज एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन हुआ। इस शिविर में राज्य की कैबिनेट मंत्री और सोमेश्वर विधायक रेखा आर्य ने प्रतिभाग कर लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा स्पष्ट है, जिसमें लोगों की समस्याओं का समुचित समाधान और उनको योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता में है। ऐसे शिविरों का उद्देश्य लोगों को एक स्थान पर सभी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा उनकी समस्याओं को सुनकर उनका स्थाई समाधान करना है। कैबिनेट मंत्री ने आमजन से कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जाता है। उनका उद्देश्य मात्र शिकायतों का ढेर इकट्ठा करना नहीं है, बल्कि उन शिकायतों का परीक्षण कर उनका ठोस समाधान निकालना है। शिविर में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए हुए कहा कि यहां प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेकर प्राथमिकता से उनका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी संवेदनशील होकर कार्य करें। लोगों की वास्तविक शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करना एक अच्छे और समर्पित लोक सेवक की पहचान होती है। उन्होंने कहा कि एक दक्ष और समर्पित लोकसेवक के रूप में कार्य करना हर सरकारी अधिकारी और कर्मचारी का दायित्व है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि वर्तमान सरकार लापरवाह और गैरजिम्मेदार लोक सेवकों के प्रति कड़ा रुख अपना रही है, इसलिए यह बाद हमेशा ध्यान रखें कि लापरवाही और गैरजिम्मेदारी को गंभीरता से लिया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागीय स्टॉल भी लगाए गए थे, जिनके माध्यम से क्षेत्रवासियों ने बड़ा लाभ उठाया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त 5 व्यक्तियों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए, जिसमें व्हील चेयर, कान की मशीन तथा लाठी शामिल हैं।शिविर में कुल 43 प्राप्त हुई, इनमें अधिकतर शिकायतें पेयजल , सिंचाई, सड़क से संबंधित रहीं। कैबिनेट मंत्री ने एक एक कर सभी फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा उनको आश्वस्त किया कि किसी को भी निराश नहीं होने दिया जाएगा। कई शिकायतों को मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया, शेष शिकायतों को संबंधित पटलों पर अग्रसारित कर उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उनके सामने आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाता है। उन्होंने शिकायतों से संबंधित सभी विभागीय अधिकारियों को मौके पर उनके निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण केएन तिवारी, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, तहसीलदार समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी तथा क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0