देहरादून में सरेआम गुंडागर्दी: फ्लैट में घुसकर महिलाओं से अभद्रता और तोड़फोड़, FIR दर्ज
देहरादून के पंडितवाड़ी स्थित कैलाश पाम स्ट्रीट सोसायटी में फ्लैट में घुसकर महिलाओं से अभद्रता और तोड़फोड़ का मामला। कैंट कोतवाली में FIR दर्ज, जांच जारी।
देहरादून , अचल वार्ता। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात एक रिहायशी सोसायटी में सरेआम हंगामे और गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने फ्लैट में जबरन घुसकर घर में मौजूद महिलाओं से अभद्रता की और तोड़फोड़ की। मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंडितवाड़ी की सोसायटी में देर रात हंगामा
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना पंडितवाड़ी स्थित कैलाश पाम स्ट्रीट सोसायटी की है। सोसायटी निवासी राकेश सूरी के फ्लैट में कथित तौर पर उसी परिसर में रहने वाली शिखा काम्बोज जबरन घुस गईं।
आरोप है कि उन्होंने घर में मौजूद मेहमानों के साथ गाली-गलौज की, महिलाओं से अभद्र व्यवहार किया और घर के सामान में तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, कथित तौर पर वहां मौजूद लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए घटना का वीडियो भी बनाया।
पुलिस में शिकायत, FIR दर्ज
कैलाश पाम स्ट्रीट डेवलपर्स के निदेशक राकेश सूरी ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी है। शिकायत में आरोपी महिला पर अभद्रता, हंगामा और संपत्ति नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं।
मामला कैंट कोतवाली पुलिस में दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार घटना 25 फरवरी की रात करीब 2 बजे की है। आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच जारी, कार्रवाई की मांग
पीड़ित पक्ष ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0