हाइवे पर बड़ा सड़क हादसा: डबल डेकर बस ट्रक में घुसी, 25–30 घायल; बचाव में जुटी सेवा का जुनून टीम और ग्रामीण, सिपाही की अभद्रता पर उठे सवाल

Mar 14, 2026 - 17:07
Mar 14, 2026 - 18:07
 0  5
हाइवे पर बड़ा सड़क हादसा: डबल डेकर बस ट्रक में घुसी, 25–30 घायल; बचाव में जुटी सेवा का जुनून टीम और ग्रामीण, सिपाही की अभद्रता पर उठे सवाल

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता।  उचौलिया थाना क्षेत्र के मोहदियापुर के पास हाइवे पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब खराब खड़े ट्रक में तेज रफ्तार डबल डेकर बस जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए और बस में सवार कई यात्री अंदर ही फंस गए। बस बिसवां, सीतापुर से मनौना धाम जा रही थी और उसमें करीब 60 से 70 सवारियां मौजूद थीं। दुर्घटना में लगभग 25 से 30 यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

  घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक संस्था सेवा का जुनून की टीम और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। बस के अंदर फंसे यात्रियों को बड़ी मशक्कत के बाद एक-एक कर बाहर निकाला गया। इस दौरान करीब पांच एम्बुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जिनमें कुछ को सीएचसी पसगवां और कुछ को शाहजहांपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे में एक महिला लंबे समय तक बस में फंसी रहने के कारण बेहोश हो गई थी, जिसे कड़ी मेहनत के बाद बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। राहत कार्य के दौरान एक पुलिस सिपाही ओमकार का व्यवहार भी चर्चा का विषय बन गया। 

  प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब सेवा का जुनून की टीम और ग्रामीण घायलों को निकालने में जुटे थे, उसी दौरान सिपाही ओमकार उनसे उलझ गया और कथित तौर पर कानून व औकात दिखाने जैसी बातें कहकर धमकाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों के विरोध के बाद सिपाही शांत हो गया और राहत कार्य जारी रहा। लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एनएचएआई की टीम को बुलाकर हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हाइवे से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात दोबारा सुचारू हो सका। 

 इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घायलों की मदद में जुटी सेवा का जुनून की टीम की सराहना की और इंसानियत की मिसाल पेश करने की बात कही, वहीं टीम से उलझने वाले सिपाही के व्यवहार की भी लोगों ने निंदा की। देर से ही सही, लेकिन बाद में एनएचएआई की टीम भी मौके पर पहुंचकर हाइवे को साफ कराने में सहयोग करती नजर आई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0