सोनीपत , अचल वार्ता। उपायुक्त नेहा सिंह ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र का औचक निरीक्षण कर आमजन को प्रदान की जा रही विभिन्न सरकारी सेवाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सरल केंद्र की अलग-अलग खिड़कियों पर पहुंचकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा वहां अपने कार्यों के लिए पहुंचे लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने जमाबंदी, लाइसेंस, डोमिसाइल प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित खिड़कियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों से पूछा कि संबंधित सेवाओं के लिए प्रतिदिन कितने लोग पहुंच रहे हैं, उनके आवेदनों का निस्तारण किस प्रकार किया जा रहा है तथा लोगों को सेवाएं प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं आ रही।
उन्होंने मौके पर मौजूद नागरिकों से भी बातचीत करते हुए पूछा कि उन्हें सरकारी सेवाएं लेने में किसी प्रकार की दिक्कत, देरी अथवा अनावश्यक परेशानी तो नहीं हो रही है। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरल केंद्र में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक एवं अच्छा व्यवहार किया जाए और उसके कार्य को नियमानुसार समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
बेवजह चक्कर कटवाने की शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई-उपायुक्त
उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी कार्यालय में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपनी समस्या के समाधान और सरकारी सेवा का लाभ लेने की उम्मीद के साथ आता है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय अथवा बार-बार चक्कर न कटवाए जाएं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी दस्तावेज अथवा प्रक्रिया में कमी है तो आवेदक को स्पष्ट रूप से जानकारी दी जाए, ताकि वह आवश्यक दस्तावेज पूरे करके अपना कार्य करवा सके। लोगों को बार-बार बुलाने या बिना उचित कारण के उनके कार्य को लंबित रखने की शिकायत किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि जो भी व्यक्ति आपके पास आए, उसके साथ अच्छा व्यवहार करते हुए उसका कार्य करें। लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करें। किसी कर्मचारी के खिलाफ लोगों को परेशान करने, अनावश्यक रूप से चक्कर कटवाने अथवा कार्य में लापरवाही बरतने की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर
उपायुक्त ने सरल केंद्र की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सेवाओं का लाभ निर्धारित प्रक्रिया और समय-सीमा के अनुसार नागरिकों को उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन को पारदर्शी, सुगम, समयबद्ध और बेहतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाना है।
लर्निंग लाइसेंस टेस्ट लैब का भी किया निरीक्षण:
सरल केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने लर्निंग लाइसेंस के लिए आयोजित किए जाने वाले टेस्ट की टेस्ट लैब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां लर्निंग लाइसेंस प्राप्त करने के लिए होने वाली विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से टेस्ट की प्रक्रिया, आवेदकों की व्यवस्था, टेस्ट प्रणाली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लर्निंग लाइसेंस के लिए होने वाला टेस्ट पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुसार आयोजित किया जाए। टेस्ट प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा पक्षपात की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक आवेदक को समान अवसर मिले और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाई जाए।