जौनपुर: पेयरिंग एंड ट्विनिंग कार्यक्रम दे रहा बच्चों को सीखने का मौका
- पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय बिथार के बच्चों का शैक्षणिक भ्रमण,बीईओ ने दिखाई हरी झंडी
गौराबादशाहपुर, जौनपुर, अचल वार्ता। सरकार के राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा निर्देशित स्कूल पेयरिंग एंड ट्विनिंग कार्यक्रम में परिषदीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं को उच्च स्तरीय स्कूलों में जाकर वहां की अन्य गतिविधियों एवं अन्य जानकारी को हासिल करना है।
इसी क्रम में शनिवार को धर्मापुर विकास खंड के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय बिथार के बच्चों की टीम ने सेवईनाला कर्मही स्थित कमला नेहरू इंग्लिश स्कूल का भ्रमण किया। वहां स्कूल के शिक्षकों की देखरेख में बच्चों ने पुस्तकालय, रसायन, भौतिकी और जीव विज्ञान प्रयोगशाला, संगीत कक्ष एवं खेल के मैदान का अवलोकन किया।
इस दौरान दोनों स्कूल के बच्चों ने प्रसन्नता के साथ अपने अपने विचारों का आदान प्रदान किया। सुबह इस शैक्षिक भ्रमण के बस को धर्मापुर के खंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार वैश्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्कूल पेयरिंग एवं ट्विनिंग कार्यक्रम नई शिक्षा नीति की एक महत्वपूर्ण योजना है। जिससे बच्चे उच्च स्तरीय सुविधा से लैस स्कूलों में जाकर अपनी जानकारियों को नया आयाम देते हैं।
पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय की प्रधानाध्यापक विद्योत्मा उपाध्याय ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत ऐसे शैक्षिक भ्रमण बच्चों में सीखने की नई संस्कृति पैदा कर रहे हैं। जिसके माध्यम से परिषदीय विद्यालय के बच्चे दूसरे श्रेष्ठ विद्यालय के इंफ्रास्ट्रक्चर, उपलब्ध संसाधन, शिक्षण तकनीकी एवं उनकी व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हैं।
शैक्षिक भ्रमण पर आए बच्चों का स्वागत करते हुए कमला नेहरू इंग्लिश स्कूल के प्रबंधक डा. शारदा सिंह, प्रिंसिपल दुर्गेश कुमार तिवारी और कोऑर्डिनेटर रागिनी सिंह ने सरकार की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति लाएंगे तथा बच्चों का इससे आत्मविश्वास बढ़ेगा।
इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि मार्कण्डेय, सुरेन्द्र यादव, एआरपी महेंद्र यादव, सरोज गौतम, एकता सिंह, विलसन कुमार, निखिल जायसवाल, प्रीती पाठक, अरविंद मौर्या, नम्रता, ज्ञानमती, आनंद यादव आदि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0