जस्टिन टिम्बरलेक की जिंदगी पर बनेगी डॉक्यूमेंट्री, 11 दिसंबर से होगी स्ट्रीमिंग

Nov 24, 2026 - 08:57
 0  0
जस्टिन टिम्बरलेक की जिंदगी पर बनेगी डॉक्यूमेंट्री, 11 दिसंबर से होगी स्ट्रीमिंग

नई दिल्ली , अचल वार्ता। अंतरराष्ट्रीय पॉप संगीत जगत के चर्चित गायक और अभिनेता जस्टिन टिम्बरलेक की जिंदगी और करियर पर आधारित चार कड़ियों की डॉक्यूमेंट्री सीरीज ‘टिम्बरलेक’ जल्द दर्शकों के सामने होगी। एप्पल टीवी ने इस डॉक्यूमेंट्री की घोषणा करते हुए इसका ट्रेलर जारी किया है। सीरीज का वैश्विक प्रीमियर 11 दिसंबर 2026 को होगा।

डॉक्यूमेंट्री में टिम्बरलेक के जीवन, संगीत करियर, व्यक्तिगत अनुभवों और उन चुनौतियों को दिखाया जाएगा, जिनका सामना उन्हें सार्वजनिक जीवन के दौरान करना पड़ा। इसमें उनके तीन दशक लंबे संगीत और लोकप्रिय संस्कृति से जुड़े सफर को समेटने की कोशिश की गई है। सीरीज में पहले कभी सामने न आए अभिलेखीय दृश्य और परिवार, मित्रों तथा उनके साथ काम कर चुके लोगों के विशेष साक्षात्कार भी शामिल होंगे।

इस डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन अकादमी पुरस्कार विजेता फिल्मकार फिशर स्टीवंस ने किया है। इसका उद्देश्य केवल एक लोकप्रिय कलाकार की उपलब्धियों को दिखाना नहीं, बल्कि उनके जीवन के उन पहलुओं को भी सामने लाना है जो अक्सर सुर्खियों के पीछे रह जाते हैं।

एप्पल टीवी के अनुसार, सीरीज की पहली दो कड़ियां 11 दिसंबर को जारी होंगी। तीसरी कड़ी 18 दिसंबर और अंतिम कड़ी 23 दिसंबर को प्रसारित की जाएगी। इस तरह दर्शकों को दिसंबर में चार भागों में टिम्बरलेक की जिंदगी और संगीत यात्रा देखने को मिलेगी।

जस्टिन टिम्बरलेक ने एनएसवाईएनसी समूह से लोकप्रियता हासिल की और बाद में एकल गायक तथा अभिनेता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी डॉक्यूमेंट्री को लेकर संगीत और मनोरंजन जगत में उत्सुकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0