अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के लिए जिलेभर में उत्साह, उल्लास और उमंग

Mar 8, 2026 - 16:40
Mar 17, 2026 - 22:38
 0  9
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के लिए जिलेभर में उत्साह, उल्लास और उमंग

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कार्मिक सम्मानित ।

विकास भवन में हुई सीएम कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग, बड़ी संख्या में शामिल हुई महिलाएं ।

लखीमपुर खीरी अचल वार्ता। खीरी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को पूरे जिले में उत्साह, उल्लास, उमंग के साथ मनाया जा रहा है। रविवार को महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में उत्कृष्ट कार्यों से अपने क्षेत्र में, अपने कार्यों द्वारा अलग पहचान बनाने वाली महिलाओं, बेहतर कामकाज वाली महिला कार्मिकों का स्वामी विवेकानंद सभागार में सम्मान समारोह हुआ। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग देखी, सुनी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सदर योगेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, सीडीओ अभिषेक कुमार ने ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता, जिला महामंत्री रामजी मौर्य, नगर अध्यक्ष देवव्रत चड्ढा, नगर महामंत्री मनीष मिश्र की मौजूदगी में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संयोजन डीपीओ लवकुश भार्गव, भारत प्रसाद ने किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज समाज के सभी क्षेत्रों में महिलाओं की उपस्थिति दर्ज की जा रही है। कुछ वर्ष पहले कुछ ऐसे क्षेत्र जहां पर पुरूषों का एकाधिकार था आज वहां पर पुरूषों को महिलाओं से प्रतिस्पर्धा करनी पड़ रही है जो महिला सशक्तिकरण की मिसाल है।

केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाए महिलाओं को सशक्त बना रही है।

विधायक सदर योगेश वर्मा कहा कि सरकार महिलाओं, बेटियों को सम्मान और समान अवसर प्रदान करते हुए उन्हें सशक्त बना रही है। सरकार महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आर्थिक, सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और समाज में उनकी भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। समाज किताबों से नहीं बल्कि महिलाओं की सोच और संस्कारों से बदलता है, क्योंकि परिवार और बच्चों के निर्माण में उनकी बड़ी जिम्मेदारी होती है।आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ये महिलाएं समाज की सशक्त प्रहरी हैं, जो स्वास्थ्य, पोषण, जनजागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। 

सीडीओ ने कहा कि जिले के लिए यह गर्व की बात है कि यहां डीएम-एसपी, डीएफओ तीनों ही महिलाएं हैं, जो पूरे जिले के लिए रोल मॉडल के रूप में कार्य कर रही हैं। महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम से मिली सीख समाज को नई दिशा देने में सहायक साबित होगी। महिलाओं की भागीदारी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।

महिला दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं हुईं सम्मानित

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधायक योगेश वर्मा, जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, सीडीओ अभिषेक कुमार ने महिलाओं को प्रमाण पत्र, पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

 परिषदीय विद्यालयों की शिक्षिकाओं में ऋतु अवस्थी, संगम वर्मा, आदित्य कुमारी, मोहिनी श्रीवास्तव, गौरी कुमारी को उनके सराहनीय शैक्षिक कार्यों के लिए सम्मानित किया। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी मुन्नी देवी, रीता देवी, कामिनी, सावित्री देवी और संगीता देवी को महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।

 महिला कल्याण विभाग से आर्यमित्रा, रश्मि चतुर्वेदी, विजेता गुप्ता, मालती विश्वकर्मा, विभा, बबीता को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान मिला। वही प्रभारी सीडीपीओ दीपा रानी तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों शबनम परवीन, अंजली वर्मा, शैलेन्द्री और नीतू सिंह को भी सम्मानित किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0