पौड़ी गढ़वाल : राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य, ‘मेरा केवाईसी ऐप’ से घर बैठे करें प्रक्रिया पूरी

पौड़ी गढ़वाल में जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी राशन कार्ड धारकों से परिवार के प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी शीघ्र कराने की अपील की है। ‘मेरा केवाईसी ऐप’ के माध्यम से घर बैठे यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

May 13, 2026 - 16:06
May 13, 2026 - 16:09
 0  1
पौड़ी गढ़वाल : राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य, ‘मेरा केवाईसी ऐप’ से घर बैठे करें प्रक्रिया पूरी

पौड़ी गढ़वाल, अचल वार्ता। समस्त राशनकार्ड धारकों को शासन के निर्देशानुसार सभी राशनकार्ड एवं उनमें दर्ज प्रत्येक यूनिट की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। इस प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा ‘मेरा केवाईसी ऐप’ जारी किया गया है, जिसके माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे भी ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि ई-केवाईसी के लिए राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य का आधार कार्ड होना आवश्यक है। साथ ही आधार कार्ड से लिंक सक्रिय मोबाइल नंबर भी अनिवार्य रहेगा, क्योंकि सत्यापन प्रक्रिया के दौरान संबंधित मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होगा। फेस ऑथेंटिकेशन के लिए स्मार्टफोन का कैमरा बेहतर गुणवत्ता का होना चाहिए तथा इंटरनेट कनेक्टिविटी भी सुचारु होनी आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं को मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-केवाईसी कराने में कठिनाई हो रही हो, वे राशन कार्ड, आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर के साथ अपनी नजदीकी उचित दर की दुकान पर जाकर भी ई-केवाईसी करा सकते हैं। ‘मेरा केवाईसी ऐप’ के माध्यम से ई-केवाईसी करने के लिए सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर अथवा ऐप स्टोर से ‘मेरा केवाईसी ऐप’ डाउनलोड एवं इंस्टॉल करना होगा। इसके बाद ‘आधार फेस आरडी’ ऐप भी डाउनलोड करना आवश्यक होगा। ऐप में लॉगिन कर ‘सेलेक्ट स्टेट’ में उत्तराखंड का चयन करते हुए ‘वेरिफाई लोकेशन’ पर क्लिक करना होगा।

इसके बाद उपभोक्ता को 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करना होगा। आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी अंकित करने के बाद संबंधित जानकारी स्क्रीन पर प्रदर्शित होगी। इसके उपरांत ‘फेस केवाईसी’ विकल्प पर क्लिक करते ही फोन का कैमरा चालू हो जाएगा, जिसमें चेहरे को समान दूरी पर रखते हुए आँखों की पलकें झपकानी होंगी। प्रक्रिया पूर्ण होने पर स्क्रीन पर ‘ई-केवाईसी सक्सेसफुल’ का संदेश प्रदर्शित होगा।

जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी राशनकार्ड धारकों से अपील की है कि वे अपने राशनकार्ड एवं परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत मिलने वाले लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त होते रहें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0