बहादुरी की मिसाल: युवक ने तेंदुए से भिड़कर रस्सी से बांधा, घायल होने के बाद भी नहीं हारी हिम्मत
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता । धौरहरा वन रेंज क्षेत्र के देवी पुरवा गांव के पास सोमवार सुबह एक साहसिक घटना सामने आई, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। गांव निवासी लगभग 30 वर्षीय अंकुल भार्गव का खेत पर अचानक तेंदुए से सामना हो गया। तेंदुए ने हमला कर दिया, लेकिन अंकुल ने घबराने के बजाय अदम्य साहस का परिचय दिया और संघर्ष करते हुए तेंदुए को काबू में कर लिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10 बजे अंकुल भार्गव अपने खेत पर किसी व्यक्ति को बुलाने गए थे। इसी दौरान गेहूं के खेत की ओर से गुर्राने की आवाज सुनकर जब वह आगे बढ़े तो सामने अचानक तेंदुआ खड़ा दिखाई दिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बावजूद अंकुल ने हिम्मत नहीं हारी और जोर-जोर से आवाज लगाकर ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया। संघर्ष करते हुए उन्होंने किसी तरह तेंदुए को काबू में कर लिया और बाद में रस्सी की मदद से खेत में ही बांध दिया, ताकि वह भाग न सके। इस दौरान तेंदुए के हमले से अंकुल का एक हाथ घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से घायल अंकुल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और खेत में बंधे तेंदुए को अपने कब्जे में ले लिया। वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अंकुल भार्गव की इस बहादुरी की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है और लोग उनके साहस की सराहना कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0