सोनीपत , अचल वार्ता । गोहाना शुगर मिल के एमडी अंकिता वर्मा ने वीरवार को लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर के दौरान सभी विभागों के अधिकारियो को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें तथा किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए। शिकायतकर्ता को समाधान शिविर में अपनी शिकायत दर्ज करवाने उपरांत किसी भी तरह की परेशानी न हो। उसका समाधान अवश्य हो, जिससे कि समाधान शिविर को आयोजित करने का उद्देश्य पूरा हो सके।
समाधान शिविर में कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान सभी शिकायतों को अंकिता वर्मा ने गंभीरता के साथ सुना व संबंधित अधिकारियों को निश्चित समय अवधि में समाधान के निर्देश दिए ।
समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से गांव अकबरपुर बारोटा से इंतकाल करवाने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर सुनवाई करते हुए अंकिता वर्मा ने तहसीलदार को तुरंत कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गांव राठधाना से शिकायतकर्ता ने बरसात के कारण मकान गिरने व पशु दबकर मरने से हुए नुकसान के लिए आर्थिक सहायता की अपील की।जिस पर एमडी अंकिता वर्मा ने संबंधित विभाग को तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए ।
अन्य शिकायतों में फैमिली आईडी में गलत रिकॉर्ड को ठीक करवाने, बंद हुई बुढ़ापा पेंशन को फिर से चालू करवाने की शिकायतें दर्ज कराई गई ।
इसके अलावा परिवार पहचान पत्र व पेंशन विभाग से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई। सभी शिकायतों की सुनवाई करते हुए अंकिता वर्मा ने संबंधित अधिकारी को तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्ष को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत का तत्परता के साथ निवारण करें।
इस मौके पर एसीपी राजपाल सिंह व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।