देहरादून : सफाई कर्मचारियों के लिए लगा बहुउद्देशीय शिविर

Jul 8, 2026 - 16:14
 0  1
देहरादून : सफाई कर्मचारियों के लिए लगा बहुउद्देशीय शिविर

देहरादून, अचल वार्ता । जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के क्रम में सफाई कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा कांवली रोड स्थित वाल्मीकि मंदिर परिसर, वाल्मीकि नगर (वार्ड संख्या-24) में विशेष बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों ने प्रतिभाग कर नागरिकों को अपनी-अपनी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त कर योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी की गई।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में पहुंचे 98 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन एवं ऋण योजनाओं सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में 250 लाभार्थियों को जानकारी प्रदान करते हुए उनके आवेदन पत्र भरवाए।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एक महालक्ष्मी किट, पांच किशोरी किट तथा दो गोद भराई किट वितरित की गईं। वहीं भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम के सहयोग से पाँच वृद्धजनों को कुल 150 सहायक उपकरण वितरित किए गए। सहायक उपकरणों का वितरण उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना की उपस्थिति में किया गया।

इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा मलिन बस्तियों में लगाए जा रहे विशेष शिविरों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में भाग लेकर उपलब्ध सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

शिविर में सहायक प्रबंधक दिगंबर सजवाण, छात्रावास अधीक्षक आकाशदीप, पार्षद विशाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्रीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0