लखीमपुर खीरी: डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल व विधायक अमन गिरी ने परखी शिव मंदिर कॉरिडोर की रफ्तार

Feb 26, 2026 - 17:32
Feb 26, 2026 - 17:43
 0  3
लखीमपुर खीरी: डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल व विधायक अमन गिरी ने परखी शिव मंदिर कॉरिडोर की रफ्तार

जल निकासी, समतलीकरण और वीआईपी मार्ग चौड़ीकरण पर सख्त निर्देश, 7 दिन में प्रगति दिखाने की हिदायत ।

लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता। गोला गोकर्णनाथ में बन रहे छोटी काशी शिव मंदिर कॉरिडोर के निर्माण कार्यों की रफ्तार परखने गुरुवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और विधायक गोला अमन गिरी ने अफसरों की टीम संग स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कॉरिडोर से जुड़े विभिन्न कार्यों की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू उपस्थित रहे।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि कॉरिडोर जनआस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विधायक अमन गिरी ने भी कार्यों में तेजी लाने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।

निरीक्षण में पाया गया कि मंदिर परिसर में जल निकासी की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की जरूरत है। इस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद गोला गोकर्णनाथ को जलभराव की समस्या से निपटने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही कॉरिडोर में नवनिर्मित मंदिरों में पुराने मंदिरों की मूर्तियों की स्थापना का कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। मंदिर परिसर के भीतर समतलीकरण का कार्य आगामी सात दिनों में पूरा कराने की बात कही गई, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। कॉरिडोर से जुड़े वीआईपी मार्ग के चौड़ीकरण में आ रही बाधाओं को हटाने के लिए संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि मार्ग चौड़ा होने से यातायात सुगम होगा और तीर्थ क्षेत्र की व्यवस्था बेहतर बनेगी।

इसके अतिरिक्त मंदिर परिसर के बाहर स्थित नालों के चौड़ीकरण के लिए जल निगम एवं लोक निर्माण विभाग को प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों को कॉरिडोर के लंबित कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। डीएम व विधायक ने परियोजना की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

निरीक्षण के दौरान एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, उपजिलाधिकारी गोला प्रतीक्षा त्रिपाठी संबंधित विभागों के अधिकारी, नगर पालिका जल निगम, लोक निर्माण विभाग, कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0