चमोली : सेवा पखवाड़ा के तहत गोपेश्वर में जनपदीय क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन

Jul 7, 2026 - 16:11
 0  1
चमोली : सेवा पखवाड़ा के तहत गोपेश्वर में जनपदीय क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन

चमोली , अचल वार्ता । 'सेवा, सुशासन एवं समर्पण' सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत खेल विभाग, चमोली द्वारा मंगलवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर से घिंघराण मोटर मार्ग पर जनपदीय क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पालिका परिषद चमोली-गोपेश्वर के अध्यक्ष संदीप सिंह रावत तथा जिला युवा कल्याण अधिकारी धीरेन्द्र नाथ द्विवेदी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।

प्रतियोगिता में बालक, बालिका एवं 40 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग सहित छह आयु वर्गों में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों के कुल सैकड़ों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का परिचय दिया।

अंडर-14 बालक वर्ग (03 किमी) में 174 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जीआईसी बैरागना के अनमोल बिष्ट ने प्रथम, उत्तराखण्ड पब्लिक स्कूल गोपेश्वर के कृष्णात रावत ने द्वितीय, क्राइस्ट एकेडमी कोठियालसैंण के अंशुल पुरोहित ने तृतीय, जीआईसी माणा-घिंघराण के गोपाल भण्डारी ने चतुर्थ तथा जीआईसी गोपेश्वर के नितिन कन्याल ने पंचम स्थान प्राप्त किया। लॉटरी के माध्यम से एसजीआरआर गोपेश्वर के शिवम चन्द्र एवं केन्द्रीय विद्यालय गोपेश्वर के जय पुरोहित को विशिष्ट पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि उदीयमान खिलाड़ी पुरस्कार नेशनल पब्लिक स्कूल गोपेश्वर के अक्षित मडियाल को मिला।

अंडर-17 बालक वर्ग (05 किमी) में 73 प्रतिभागियों ने भाग लिया। जीआईसी बैरागना के कनिष्क ठाकुर प्रथम, आयुष फरस्वाण द्वितीय, जीआईसी गोपेश्वर के मोहित सिंह बिष्ट तृतीय, केन्द्रीय विद्यालय गोपेश्वर के आरूष बिष्ट चतुर्थ तथा सुबोध प्रेम विद्या मंदिर गोपेश्वर के अंशुल पंचम स्थान पर रहे। विशिष्ट पुरस्कार जीआईसी अलकापुरी के रितिक कन्याल एवं एसजीआरआर गोपेश्वर के मनवर बिष्ट को प्रदान किया गया।

अंडर-21 बालक वर्ग (07 किमी) में 31 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। पीजी कॉलेज गोपेश्वर के अंकित प्रथम, कमला राम द्वितीय, केन्द्रीय विद्यालय गोपेश्वर के विनय फरस्वाण तृतीय, एसजीआरआर गोपेश्वर के युवराज सिंह चतुर्थ तथा पीजी कॉलेज गोपेश्वर के अनुज भण्डारी पंचम स्थान पर रहे। लॉटरी के माध्यम से क्राइस्ट एकेडमी कोठियालसैंण के दिव्यांशु सनवाल एवं पॉलिटेक्निक गोपेश्वर के जयदीप पंवार को विशिष्ट पुरस्कार प्रदान किए गए।

40 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग (03 किमी) में 17 प्रतिभागियों ने भाग लिया। अजीत सिंह प्रथम, सुरेश बिष्ट द्वितीय, कुलदीप तृतीय, कीर्ति लाल चतुर्थ तथा दर्शन सिंह पंचम स्थान पर रहे।

अंडर-14 बालिका वर्ग (03 किमी) में 98 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। केन्द्रीय विद्यालय गोपेश्वर की प्रियांशी प्रथम, जीआईसी माणा-घिंघराण की कामिनी द्वितीय, चिराग पब्लिक स्कूल गोपेश्वर की रिया नेगी तृतीय, केन्द्रीय विद्यालय गोपेश्वर की जीया चतुर्थ तथा अनुष्का पंचम स्थान पर रहीं। विशिष्ट पुरस्कार नेशनल पब्लिक स्कूल गोपेश्वर की बबीता एवं केन्द्रीय विद्यालय गोपेश्वर की हिब्जा को दिया गया, जबकि उदीयमान खिलाड़ी पुरस्कार सुबोध प्रेम विद्या मंदिर गोपेश्वर की रक्षिता को प्रदान किया गया।

अंडर-19 बालिका वर्ग (05 किमी) में 34 प्रतिभागियों ने भाग लिया। गोपीनाथ फिजिकल एकेडमी की दीया प्रथम, जीजीआईसी गोपेश्वर की निशा द्वितीय, गोपीनाथ फिजिकल एकेडमी की रोशनी तृतीय, दीपशिखा चतुर्थ तथा जीजीएचएस नेग्वाड़ गोपेश्वर की वैष्णवी पंचम स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर वरिष्ठ खिलाड़ी एवं अधिवक्ता हेम पुजारी, जिला अध्यक्ष वॉलीबॉल संघ अशोक रावत तथा जिला अध्यक्ष बैडमिंटन संघ हेमन्त दरमोड़ा ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ने, अनुशासन अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का आह्वान किया।

प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी मोहित सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, प्रतिभागियों तथा क्रॉस कंट्री दौड़ के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0