लखीमपुर खीरी: मेगा विधिक सहायता शिविर में 42 विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी, 30 करोड़ के ऋण वितरित

Feb 22, 2026 - 19:23
Feb 22, 2026 - 20:59
 0  2
लखीमपुर खीरी: मेगा विधिक सहायता शिविर में 42 विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी, 30 करोड़ के ऋण वितरित

 लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, राजापुर के ओपन ऑडिटोरियम में आयोजित मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में भारी संख्या में लोगों की भागीदारी रही। शिविर में 42 विभागों ने स्टॉल लगाकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया।

अंतिम पायदान तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: न्यायमूर्ति

मुख्य अतिथि राजीव सिंह, प्रशासनिक न्यायमूर्ति, उच्च न्यायालय इलाहाबाद ने कहा कि शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए जागरूकता और विभागीय समन्वय आवश्यक है। जिला जज शिव कुमार सिंह ने विधिक जागरूकता पर बल दिया, जबकि अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कानूनी सहायता योजनाओं की जानकारी दी। संचालन न्यायिक मजिस्ट्रेट मारूफ अहमद व रवि पांडे ने किया।

विभिन्न विभागों की सहभागिता

शिविर में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने सात दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की। उद्यान विभाग ने ड्रिप स्प्रिंकलर प्रणाली एवं हाईटेक नर्सरी की जानकारी दी, वहीं गन्ना विभाग ने उन्नत प्रजातियों पर किसानों को मार्गदर्शन दिया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण व औषधि वितरण किया गया। विभिन्न स्टॉलों पर राशन कार्ड, खाद-बीज, सिंचाई, बैंक ऋण, बीमा, पेंशन, जल जीवन मिशन, श्रम, पशुपालन, मत्स्य पालन, तकनीकी प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी गई।

बाल पुष्टाहार विभाग ने तीन नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन एवं तीन गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई। साइबर थाना प्रभारी ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए।

30 करोड़ के ऋण वितरित

मेगा लीगल एड कैंप में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिला। इंडियन बैंक के नेतृत्व में 12 सरकारी बैंकों ने ऋण वितरण शिविर आयोजित किया। 100 से अधिक लाभार्थियों को लगभग 30 करोड़ रुपये के ऋणों के डेमो चेक एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

मुख्य अतिथि प्रशासनिक न्यायमूर्ति, जिला जज, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मुख्य विकास अधिकारी ने 100 स्वयं सहायता समूहों को 1.50 करोड़ रुपये की सीसीएल के डेमो चेक वितरित किए।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0