अल्मोड़ा : शहरफाटक जनसेवा शिविर में 1300 लोगों ने लिया लाभ

Jul 8, 2026 - 17:48
 0  2
अल्मोड़ा : शहरफाटक जनसेवा शिविर में 1300 लोगों ने लिया लाभ

अल्मोड़ा , अचल वार्ता । "सेवा, सुशासन एवं समर्पण" की भावना के साथ "जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार" कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित सेवा पखवाड़ा के तहत बुधवार को विकासखंड लमगड़ा के प्राथमिक विद्यालय, शहरफाटक परिसर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए जनसमस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर आयोग अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से जन-जन के द्वार पहुंचकर लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, इसलिए सभी अधिकारी शिविरों को पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ संचालित करें।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों लगभग 1300 लोगों ने पहुंचकर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान आधार कार्ड, राशन कार्ड, विद्युत एवं पेयजल बिलों, पेंशन सहित अन्य जनकल्याणकारी सेवाओं से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के स्टाल पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित किया गया। बाल विकास विभाग द्वारा पांच लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। डेयरी विकास विभाग ने गंगा गाय योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को 70 हजार रुपये का पशु क्रय अनुदान चेक प्रदान किया तथा चार दुग्ध उत्पादकों को स्वच्छ दुग्ध उत्पादन किट वितरित की।

पशुपालन विभाग द्वारा ब्रॉयलर फार्म योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को 15 हजार रुपये तथा बकरी पालन योजना के तहत एक लाभार्थी को 51 हजार रुपये का अनुदान चेक प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त आठ पशुपालकों को पशु औषधि किट वितरित की गई।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। लाभार्थियों ने योजनाओं से प्राप्त लाभ एवं अपने अनुभव भी साझा किए।

इस शिविर में कुल 19 शिकायतें पंजीकृत हुई, जिनमें से अधिकतर का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया तथा अवशेष शिकायतों को सक्षम स्तर पर प्रेषित करने की कार्यवाही की गई।

मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

शिविर में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री का भी वितरण किया गया।

शिविर में ब्लॉक प्रमुख लमगड़ा त्रिलोक सिंह रावत, उपजिलाधिकारी जैंती/भनोली सौम्या गर्ब्याल, खंड विकास अधिकारी रोहित वर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम जनमानस उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0