अयोध्या: राम विवाह व धनुष यज्ञ ने रचा भक्ति का माहौल, सुल्तानपुर गांव में सजी भव्य रामलीला
अयोध्या के मवई क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर में श्रीराम विवाह व धनुष यज्ञ का आयोजन श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ। रामलीला, मेले और लक्ष्मण-परशुराम संवाद ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध।
मवई (अयोध्या), अचल वार्ता। अयोध्या जनपद के मवई विकासखंड अंतर्गत रुदौली तहसील क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर में परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी श्रीराम चबूतरे पर धनुष यज्ञ एवं श्रीराम विवाह समारोह का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। आयोजन के साथ लगे ग्रामीण मेले में क्षेत्र भर से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
रामलीला कलाकारों द्वारा प्रस्तुत धनुष यज्ञ का मंचन दर्शकों के लिए अविस्मरणीय रहा। कलाकारों की सजीव भाव-भंगिमाओं और संवादों ने पूरे वातावरण को राममय बना दिया। मेला संचालक विमल तिवारी ने बताया कि उनकी रामलीला मंडली पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से क्षेत्र में धार्मिक मंचन करती आ रही है और ग्रामीण संस्कृति को जीवंत बनाए हुए है।
उन्होंने बताया कि रामसनेही दास आदर्श रामलीला मंडली की स्थापना स्वर्गीय बदी बाबा छोटेलाल एवं स्वर्गीय देवपार्क नारायण तिवारी के प्रयासों से हुई थी, जो आज भी अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए निरंतर रामलीला का मंचन कर रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ कमेटी अध्यक्ष सोनू निषाद एवं सहयोगियों द्वारा प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की विधिवत आरती के साथ किया गया। इसके बाद पुष्पमालाएं अर्पित कर कलाकारों को सम्मानित किया गया।
मेले के दौरान प्रस्तुत रावण-बाणासुर संग्राम का दृश्य दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं प्रभु श्रीराम द्वारा शिव धनुष भंग किए जाने के पश्चात माता सीता द्वारा जयमाल डालकर श्रीराम को वर चुनने का दृश्य अत्यंत भावुक रहा।
कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत लक्ष्मण-परशुराम संवाद ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लक्ष्मण की चुटीली वाणी से परशुराम का क्रोधित होना और संवाद का नाटकीय रूप दर्शकों की खूब तालियां बटोरता रहा।
आयोजन में जिला मीडिया प्रभारी वेद प्रकाश राजपूत, पत्रकार अनिल यादव, भाजपा मवई मंडल उपाध्यक्ष राम सुचित राजपूत सहित अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। वहीं थाना पटरंगा पुलिस स्टाफ के सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान शिव कुमार निषाद, पूर्व प्रधान विनोद रावत, कोटेदार त्रिमोहन, नन्कू रावत, महंगू राजपूत, शिव मगन राजपूत, राम गुलाम निषाद, बेचू राजपूत, पत्रा लाल रावत, डॉ. विजय कुमार रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
- प्रदीप कुमार यादव
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0