बजट 2026 पर राहुल गांधी का हमला, बोले– युवा-किसान पूरी तरह नजरअंदाज

केंद्रीय बजट 2026 पर राहुल गांधी ने सरकार को घेरा। बोले– बेरोजगारी, किसान संकट, मैन्युफैक्चरिंग गिरावट और निवेशकों की चिंताओं को नजरअंदाज किया गया।

Feb 2, 2026 - 10:04
 0  1
बजट 2026 पर राहुल गांधी का हमला, बोले– युवा-किसान पूरी तरह नजरअंदाज

नई दिल्ली | अचल वार्ता

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026 को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। जहां केंद्र सरकार इसे “विकसित भारत” के विजन की दिशा में बड़ा कदम बता रही है, वहीं विपक्ष ने बजट को आम जनता की समस्याओं से कटा हुआ करार दिया है।

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बजट 2026 पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि इसमें युवा, किसान और निवेशकों की चिंताओं को पूरी तरह अनदेखा किया गया है।

राहुल गांधी का सरकार पर सीधा हमला

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा—

“बिना नौकरी वाले युवा, गिरता मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर, निवेशकों का पूंजी निकालना, घरेलू बचत में गिरावट, परेशान किसान और आने वाले वैश्विक झटके—सबको नजरअंदाज कर दिया गया है।”

उन्होंने बजट 2026 को ऐसा दस्तावेज़ बताया जो आर्थिक सुधारों से इनकार करता है और देश के वास्तविक आर्थिक संकटों को समझने में विफल नजर आता है।

बेरोजगारी और मैन्युफैक्चरिंग पर चिंता

कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में बेरोजगारी गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन बजट में रोजगार सृजन के लिए कोई ठोस रोडमैप नहीं दिखता।

उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की गिरती हालत का जिक्र करते हुए कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ जैसे अभियानों के बावजूद जमीनी स्तर पर अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

निवेश और घरेलू बचत पर खतरे की घंटी

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ रहा है और घरेलू बचत में तेज गिरावट अर्थव्यवस्था के लिए खतरे का संकेत है। उनके मुताबिक यह स्थिति भारत की दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता को प्रभावित कर सकती है।

किसानों की अनदेखी का आरोप

किसानों के मुद्दे पर भी राहुल गांधी ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही महंगाई, बढ़ती लागत और फसलों के उचित दाम न मिलने से परेशान हैं, लेकिन बजट 2026 में उनकी समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं किया गया।

वैश्विक आर्थिक चुनौतियों पर भी सवाल

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि सरकार आने वाले वैश्विक आर्थिक झटकों को लेकर गंभीर नहीं दिख रही है, जबकि ऐसे समय में मजबूत और दूरदर्शी आर्थिक नीति की जरूरत है।

केंद्रीय बजट 2026 को लेकर अब देश की राजनीति में बहस और तेज होने के आसार हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0