“किसानों की उम्मीदों पर अधूरा बजट: सरकार ने कई महत्वपूर्ण मांगों को किया नजरअंदाज” : पं. सचिन शर्मा
लखनऊ, अचल वार्ता। भारतीय किसान यूनियन (अनाज)🌾 के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सचिन शर्मा ने उत्तर प्रदेश सरकार के प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट किसानों की वास्तविक समस्याओं और जमीनी जरूरतों को पूरी तरह संबोधित करने में असफल रहा है। जिस उम्मीद के साथ प्रदेश का किसान इस बजट की ओर देख रहा था, वह पूरी नहीं हो सकी।
पं. सचिन शर्मा ने कहा कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर कानूनी गारंटी, फसलों की लागत के अनुरूप मूल्य निर्धारण, गन्ना भुगतान की समयबद्ध व्यवस्था, सिंचाई के लिए बिजली दरों में राहत, डीज़ल व खाद-बीज पर सब्सिडी बढ़ोतरी तथा प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज जैसी घोषणाओं की अपेक्षा थी, लेकिन बजट में इन मुद्दों पर ठोस प्रावधान नहीं दिखे।
उन्होंने आगे कहा कि कृषि ऋण पर ब्याज माफी, छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए अलग से सुरक्षा कोष, पशुपालकों के लिए सहायता योजना तथा मंडियों के आधुनिकीकरण जैसे विषय भी अपेक्षित थे, जिनका स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया। इससे किसानों में निराशा का माहौल है।
पं. सचिन शर्मा ने सरकार से मांग की कि आगामी संशोधित बजट या विशेष पैकेज के माध्यम से किसानों की इन लंबित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो किसान यूनियन (अनाज) प्रदेशभर में आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने को बाध्य होगी।
अंत में उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान है और किसान की अनदेखी किसी भी सरकार के लिए उचित नहीं है। सरकार को चाहिए कि वह किसानों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी वास्तविक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0