सोनीपत । उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार सीएम विंडो, जनसंवाद एवं समाधान शिविर से संबंधित शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने जिले में लंबित पुरानी शिकायतों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा की गई कार्रवाई की एटीआर पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपलोड करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सीएम विंडो सरकार की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आमजन अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखते हैं। इसलिए प्रत्येक शिकायत पर. गंभीरता से कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को उचित समाधान उपलब्ध करवाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुरानी एवं लंबित शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा उनका जल्द से जल्द नियमानुसार निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने गोहाना, कथूरा, गन्नौर, मुरथल, खरखौदा, राई एवं सोनीपत सहित जिले के ब्लाको से संबंधित सीएम विंडो शिकायतों की अलग-अलग समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक लंबित शिकायत की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए पुरानी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में शिकायतकर्ता द्वारा किसी प्रकार की डिमांड अथवा मांग रखी गई है, उनका नियमानुसार परीक्षण करते हुए उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें नियमों के अनुरूप स्वीकार्य नहीं हैं, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिजेक्ट किया जाए तथा प्रत्येक मामले में स्पष्ट एवं तथ्यात्मक कार्रवाई रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ऐसी शिकायतें जो जिला स्तर, न्यायालय अथवा उच्च न्यायालय में विचाराधीन हैं, उनकी स्थिति की उचित जांच की जाए। यदि मामला न्यायालय में लंबित है तो संबंधित कोर्ट केस का स्पष्ट हवाला देते हुए नियमानुसार शिकायत का निस्तारण किया जाए, ताकि सीएम विंडो पर अनावश्यक रूप से लंबित मामलों की संख्या कम हो सके।
उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी नियमित रूप से अपने विभाग से संबंधित सीएम विंडो शिकायतों की समीक्षा करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करें।
बैठक में नगराधीश सिमरन, डीडीपीओ मनीष मलिक सहित राई, सोनीपत, गन्नौर, मुरथल, कथूरा, गोहाना एवं खरखौदा के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।