फाइनेंस कंपनी ने करोड़ों की ठगी किया, बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े, आलोकनाथ समेत 22 के खिलाफ केस
बागपत जिले में एक फर्जी फाइनेंस कंपनी द्वारा रकम दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने सिने अभिनेता श्रेयस तलपडे, आलोक नाथ समेत 22 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यूपी के बागपत जिले में एक फर्जी फाइनेंस कंपनी द्वारा रकम दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने सिने अभिनेता श्रेयस तलपडे, आलोक नाथ समेत 22 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रवीण सिंह चौहान ने शनिवार को बताया कि लोनी स्थित अर्बन स्टेट क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड नाम की कंपनी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत, मेरठ, गाजियाबाद सहित कई जिलों में एजेंटों के माध्यम से निवेश योजनाएं चलाईं। कंपनी ने लोगों को एक साल में निवेश की रकम दोगुनी करने का लालच दिया था।
ASP के अनुसार, कंपनी ने प्रचार-प्रसार के लिए बॉलीवुड कलाकारों का सहारा लिया। उन्होंने कहा कि अभिनेता श्रेयस तलपडे को प्रमोटर और आलोक नाथ को ब्रांड एंबेसडर के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिससे लोगों का विश्वास और बढ़ गया। इसी भरोसे में क्षेत्र के 500 से अधिक लोगों ने लाखों रुपये का निवेश किया। पुलिस के मुताबिक, एक वर्ष बाद जब निवेशकों ने रकम वापसी के लिए संपर्क किया तो कंपनी के दफ्तर बंद मिले और किसी अधिकारी से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद निवेशकों को ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित निवेशक बागपत की बबली सहित कई लोगों ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि कंपनी ने उनके दस्तावेज पर फर्जी हस्ताक्षर कराए और जमा राशि हड़प ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कंपनी के संचालकों, एजेंटों और प्रमोटरों के खिलाफ सोमवार को धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज किया है। एएसपी चौहान ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है, उनके बैंक खातों की जांच की जा रही है तथा जिन हस्तियों के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कंपनी ने प्रमोशन के लिए किया, उनकी भूमिका की भी जांच की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0